मंदिर दर्शन के बहाने बुलाकर युवक से मारपीट, मोबाइल और नकदी लूटने का आरोप

कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिर दर्शन के लिए आए एक युवक के साथ मारपीट और कथित लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि अज्ञात युवकों ने उसे सुनसान स्थान पर बुलाकर मारपीट की, मोबाइल फोन और ₹18 हजार की नकदी छीन ली तथा जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और नकदी छीनने के आरोप की भी सत्यता की पड़ताल की जा रही है।

अज्ञात कॉल के बाद पुलिया पर बुलाया

जानकारी के अनुसार, कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के देवहा गांव निवासी श्याम सिंह गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने परिवार के साथ ठठिया क्षेत्र के श्यामपुर गांव स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर दर्शन के लिए आए थे। आरोप है कि दर्शन के दौरान उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें धौरारा गांव के पास पुलिया पर बुलाया गया। वहां पहुंचने पर तीन युवकों ने उनके साथ मारपीट कर दी।

मोबाइल और नकदी छीनने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन और ₹18 हजार की नकदी छीन ली। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने घटना के बाद ठठिया थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।

कार्रवाई न होने का आरोप, दोबारा दिया प्रार्थना पत्र

श्याम सिंह का कहना है कि शिकायत दिए जाने के तीन दिन बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उन्होंने शनिवार को दोबारा थाने पहुंचकर पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाने की अपील की।

पुलिस बोली, जांच के बाद होगी उचित कार्रवाई

ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना की जानकारी मिली है। हालांकि, नकदी छीनने का आरोप प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि दूसरे पक्ष को पूछताछ के लिए बुलाया गया है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *