कन्नौज में एकता की दौड़ से गूंजा राष्ट्रभाव का संदेश, डीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी

कन्नौज। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर कन्नौज में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने के लिए ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। शनिवार सुबह रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया।

पुलिस लाइन से शुरू हुई दौड़, उत्साह के साथ शामिल हुए पुलिसकर्मी

कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दौड़ रिजर्व पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर पेट्रोल पंप होते हुए वापस पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस आयोजन के माध्यम से पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

डीएम-एसपी ने सरदार पटेल के योगदान को किया याद

दौड़ के समापन पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सरदार वल्लभभाई पटेल के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की अनुपम प्रेरणा है।

पुलिसकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता की शपथ

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि देश की एकता और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *