
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर तिर्वा स्थित मां अन्नपूर्णा देवी मंदिर में आयोजित मेले के दौरान कथित अवैध पार्किंग और वसूली की शिकायत पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए तिर्वा उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मेले में श्रद्धालुओं से अवैध वसूली की मिली शिकायत
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अन्नपूर्णा देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे थे। भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर के आसपास वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा बिना किसी अधिकृत अनुमति के अस्थायी पार्किंग और ऑटो स्टैंड संचालित कर श्रद्धालुओं से अवैध वसूली किए जाने की शिकायत प्रशासन तक पहुंची।
एसडीएम को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
शिकायत मिलने के बाद जिलाधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तिर्वा एसडीएम वैशाली को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अवैध वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग, ऑटो स्टैंड संचालन या धन उगाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा जिले की सकारात्मक छवि बनी रहे।






