हरियाणा में भाजपा की जीत पर राहुल गांधी का सवाल “गड़बड़ी की आशंका, चुनाव आयोग स्पष्ट करे”
Share your love

संवाद 24 (डेस्क), नई दिल्ली।
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से एक दिन पूर्व कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा उपचुनाव के नतीजों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि “हरियाणा की मतदाता सूची में गड़बड़ी हुई है और इसी तरह की स्थिति बिहार में भी दोहराई जा सकती है।” उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर चुनाव आयोग को स्पष्ट और पारदर्शी जवाब देना चाहिए।
राहुल गांधी ने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि “भाजपा की जीत संदेह से घिरी है। जिन क्षेत्रों में कांग्रेस को बढ़त मिलनी थी, वहां अंतिम क्षणों में मतदाता सूची में बड़ी संख्या में बदलाव दिखे हैं।”
मतदाता सूची और वोटो पर आपत्ति
राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस के पास ऐसे साक्ष्य हैं जो दिखाते हैं कि कई बूथों में मतदाता सूची में फर्जी और दोहराव वाले नाम शामिल किए गए। उन्होंने कहा कि इन गड़बड़ियों की जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि “जो सीटें कांग्रेस मजबूत स्थिति में जीत सकती थी, वे अंतिम क्षणों में भाजपा के पक्ष में चली गईं। ऐसे में यह चुनाव पारदर्शी नहीं माना जा सकता।”
हाईड्रोजन बम पोस्टर पर भी प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर वायरल हुए पोस्टर “Yeh Kaun Hai?” से जुड़े सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि यह भाजपा द्वारा चुनावी माहौल को भ्रमित करने की रणनीति है। उन्होंने दावा किया कि वोटरों का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने के लिए इस प्रकार की गतिविधियाँ की जा रही हैं।
चुनाव आयोग पर सवाल, जवाब की अपेक्षा
राहुल गांधी ने कहा:
“चुनाव आयोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया का संरक्षक है। यदि गड़बड़ियों की शिकायतें मिल रही हैं तो आयोग को तुरन्त और पारदर्शी तरीके से जवाब देना चाहिए।”






