होटल के कमरे में सोते वक्त 5 युवकों की मौत: ठंड से बचने को जलाया था कोयला, सहारनपुर से काम करने कुरुक्षेत्र गए थे

संवाद 24 डेस्क। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से हरियाणा के कुरुक्षेत्र काम करने गए पांच युवकों की होटल के कमरे में सोते समय मौत हो गई। शुरुआती जांच में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। बताया गया कि ठंड से बचने के लिए कमरे के अंदर कोयले की अंगीठी जलाई गई थी।

होटल प्रबंधन के मुताबिक, सोमवार शाम काम से लौटने के बाद पांचों युवकों ने खाना खाया और एक ही कमरे में सो गए। मंगलवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो होटल स्टाफ ने मैनेजर को सूचना दी। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो सभी युवक बेसुध हालत में मिले। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक कुरुक्षेत्र जिला जेल के पास स्थित एक होटल में पेंटिंग का काम करने आए थे। कमरे के अंदर कोयले से भरी अंगीठी, खाने-पीने का सामान और शराब की बोतलें भी मिली हैं। आशंका है कि बंद कमरे में कोयले के धुएं से ऑक्सीजन की कमी हुई, जिससे यह हादसा हुआ।

मृतकों में सहारनपुर के शेखपुरा कदीम निवासी ठेकेदार नूर और दो मजदूर—राजकुमार व रोशन—की पहचान हो चुकी है, जबकि अन्य दो की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस ने होटल मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *