मेला श्रीराम नगरिया की तैयारियों का जायजा: डीएम – एसपी ने पांचाल घाट पर व्यवस्थाएं परखी, 3 हजार से अधिक कल्पवासी पहुंचे

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर 3 जनवरी से शुरू होने वाले श्रीराम नगरिया मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय है। मंगलवार शाम जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रशासन के अनुसार, अब तक करीब 3 हजार साधु-संत और कल्पवासी मेले में पहुंच चुके हैं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेला परिसर में बनाए गए सांस्कृतिक पंडाल, प्रशासनिक पंडाल और अस्थायी कोतवाली का जायजा लिया। अस्थायी कोतवाली में पुलिसकर्मियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था भी की गई है, ताकि सुरक्षा और निगरानी में कोई कमी न रहे।

इसके बाद डीएम और एसपी ने साधु-संतों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और अपेक्षाएं सुनीं। बैठक में शौचालय, पेयजल, बिजली और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने संत समाज को भरोसा दिलाया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जाएंगी।

अधिकारियों ने गंगा तट पर पहुंचकर कल्पवासियों के स्नान के लिए की गई तैयारियों का भी निरीक्षण किया। बैरिकेडिंग, घाटों की सुरक्षा और पेटून पुल की स्थिति की जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेला लगभग एक माह तक चलता है, जिसमें साधु-संत सनातन परंपरा के अनुरूप त्याग, तपस्या और भक्ति के माध्यम से श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी एक सप्ताह में सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएंगी, जबकि पेटून पुल को वर्तमान परिस्थितियों के अनुसार तैयार किया गया है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *