
संवाद 24 संवाददाता। सरकार ने आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया को अब पहले से कहीं ज्यादा आसान कर दिया है। अब राशन कार्ड के लिए आपूर्ति विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। पात्र परिवार घर बैठे या नजदीकी जनसेवा केंद्र (CSC) से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद सत्यापन पूरा होते ही राशन कार्ड जारी कर दिया जाएगा। वहीं, पुराने कार्डधारकों के लिए केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है, अन्यथा उनका राशन कार्ड निरस्त किया जा सकता है।
जिला आपूर्ति अधिकारी (डीएसओ) आनंद कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कुल 7.30 लाख राशन कार्डधारक हैं, जिनमें करीब 30 लाख सदस्य पंजीकृत हैं। शासन के निर्देशानुसार नए राशन कार्ड बनाने और मौजूदा कार्डों को अपडेट रखने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू की गई है।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदक को जनसेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के समय कुछ जरूरी दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। इनमें आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और बैंक पासबुक शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी एक प्रति संबंधित क्षेत्रीय आपूर्ति कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके बाद आपूर्ति विभाग की टीम आवेदक के पते और पात्रता का सत्यापन करेगी। सत्यापन में पात्र पाए जाने पर राशन कार्ड जारी कर दिया जाएगा।
हर यूनिट को मिलेगा मुफ्त राशन
राशन कार्ड बनते ही पात्र परिवारों को सरकारी योजना के तहत प्रति यूनिट पांच किलो राशन निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत दी जाती है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा मिल सके।
केवाईसी कराना अनिवार्य
जो लोग पहले से राशन कार्डधारक हैं, उनके लिए परिवार के सभी सदस्यों की केवाईसी कराना जरूरी है। यदि किसी सदस्य की केवाईसी नहीं हुई है, तो उसका नाम कार्ड से हटाया जा सकता है या पूरा कार्ड निरस्त भी हो सकता है। कार्डधारक अपनी केवाईसी नजदीकी उचित दर दुकान (डीलर) या जिले के 1247 डीलरों में से किसी के पास जाकर करवा सकते हैं।
ये हैं राशन कार्ड के लिए पात्र परिवार
राशन कार्ड बनवाने के लिए परिवार को कुछ तय मानकों पर खरा उतरना होगा—
पूरे परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक न हो।
परिवार के पास चार पहिया वाहन न हो और बंदूक का लाइसेंस न हो।
घर में एयर कंडीशनर (एसी) न हो।
परिवार के नाम पांच एकड़ से अधिक कृषि भूमि न हो।
आवासीय मकान का क्षेत्रफल 100 वर्गमीटर से अधिक न हो।
अपील
आपूर्ति विभाग ने लोगों से अपील की है कि पात्र होने पर ही राशन कार्ड के लिए आवेदन करें और जिनके पास पहले से कार्ड है, वे समय रहते केवाईसी जरूर करा लें। इससे न केवल अनावश्यक परेशानियों से बचा जा सकेगा, बल्कि जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ भी सही तरीके से मिल पाएगा।






