
संवाद 24 लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ महानगर की ओर से आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भारतीय पर्वों, सांस्कृतिक परंपराओं और राष्ट्रीय एकता के महत्व पर विचार व्यक्त किए गए। गोमती नगर विस्तार स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मलूकपीठाधीश्वर पूज्य संत राजेंद्र दास जी का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया।
पर्व और परंपराएं हमारी सांस्कृतिक पहचान की आधारशिला : अनिल जी
मुख्य वक्ता क्षेत्र प्रचारक अनिल जी ने कहा कि भारत के पर्व और त्योहार केवल धार्मिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि इनके भीतर समाज और राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने का संदेश समाहित है। इतिहास में अनेक संघर्षों और चुनौतियों के बावजूद भारतीय संस्कृति की निरंतरता बनाए रखने में इन पर्वों और परंपराओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने आगामी सूर्यषष्ठी पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय समाज की सांस्कृतिक एकता को कमजोर करने के अनेक प्रयास हुए, लेकिन हमारी परंपराओं की जीवंतता ने समाज को एकजुट बनाए रखा। अपने पर्वों और उत्सवों को संरक्षित रखना तथा उनके मूल भाव को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
अनिल जी ने कहा कि लखनऊ में दीपावली और होली मिलन जैसे आयोजन सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता के अवसर बनते हैं। उन्होंने गोरखपुर में आयोजित होने वाले होली मिलन कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए बताया कि उसमें लगभग 10 हजार लोगों की सहभागिता रहती है। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम हैं।

दीपोत्सव की रोशनी से दुनिया तक पहुंच रहा भारत का संदेश : डॉ. दिनेश शर्मा
मुख्य अतिथि अंडमान-निकोबार के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि दीपावली का पांच दिवसीय पर्व भारतीय जीवन और संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित करता है। इस पर्व के प्रत्येक दिन का अपना विशिष्ट धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। अयोध्या में दीपावली पर आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव ने भारतीय संस्कृति की पहचान को वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाई है।
उन्होंने कहा कि भारत का मूल संदेश एकता, समन्वय और पुरुषार्थ का है, जो अब दुनिया के विभिन्न देशों तक पहुंच रहा है। अंडमान-निकोबार का उल्लेख करते हुए उन्होंने सेलुलर जेल की ऐतिहासिक विरासत और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वहां स्वाधीनता संग्राम सेनानियों की संघर्षगाथा को देखकर हर भारतीय का मन भावुक हो उठता है। दीपावली मिलन जैसे आयोजन राष्ट्र की एकता और सामूहिक संकल्प को मजबूत करते हैं।
स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा को अपनाने की आवश्यकता
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय सह गौ-संवर्धन संयोजक नवल किशोर जी ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी जीवन के अनेक क्षेत्रों में परतंत्र मानसिकता का प्रभाव दिखाई देता है। इससे बाहर निकलने के लिए भारतीय जीवन मूल्यों और परंपराओं को व्यवहार में अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्सव केवल औपचारिक आयोजन बनकर न रह जाएं, बल्कि उनके माध्यम से समाज में अपनी संस्कृति के प्रति गौरव और जिम्मेदारी का भाव विकसित होना चाहिए।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में भारतीय संस्कृति और शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा के भावों को प्रदर्शित करती नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की गई। इसके साथ ही गायन और वादन की विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक स्वरूप दिया। समारोह में मातृशक्ति, बच्चों और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही।
राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक जगत की प्रमुख हस्तियों की रही उपस्थिति
आयोजित दीपावली मिलन समारोह में लगभग 3,300 लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, प्रांत प्रचारक कौशल किशोर, सह प्रांत संघचालक सुनीत खरे, विभाग संघचालक अरविन्द जैन, विहिप के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र जी और प्रांत सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी सैनी, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल, विधायक नीरज वोरा, विधायक ओपी श्रीवास्तव, एमएलसी पवन चौहान, पद्मश्री रामशरण वर्मा, पद्मश्री सुधा सिंह, पूर्व महाधिवक्ता राघवेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश महासचिव संजय राय, अपर महाधिवक्ता कुलदीपति त्रिपाठी, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, प्रदेश भाजपा कार्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सीएमएस की निदेशक गीता गांधी, प्रशांत भाटिया तथा विभाग प्रचारक अनिल कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह का मूल संदेश यही रहा कि भारतीय पर्व और सांस्कृतिक परंपराएं केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को सशक्त करने का प्रभावी माध्यम हैं।






