
कन्नौज जिले के तालग्राम थाना क्षेत्र के पलिया गांव से 16 जुलाई को लापता हुए 35 वर्षीय युवक का 19 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों की लगातार तलाश के बावजूद युवक का पता न चलने से परिवार गहरी चिंता में है। युवक की मां ने पुलिस प्रशासन से बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
घर से निकला, फिर नहीं लौटा
परिजनों के अनुसार, पलिया बूंचपुर निवासी मानवेंद्र सिंह उर्फ मोनू यादव (35) बीते 16 जुलाई की शाम करीब छह बजे किसी कार्य से घर से निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवार ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
परिजनों को सता रही अनहोनी की आशंका
लगातार 19 दिन बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग न मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। युवक की मां शशि देवी ने बताया कि संभावित सभी स्थानों पर खोजबीन की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द बेटे का पता लगाने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, तलाश जारी
तालग्राम पुलिस ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और उसकी तलाश के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थाना क्षेत्रों को भी सूचना भेजी गई है। पुलिस का कहना है कि युवक के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए परिजनों को सूचित किया जाएगा।






