होली से पहले खाद्य प्रतिष्ठानों पर सख्ती, 30 दुकानों की जांच में तीन के चालान

संवाद 24 संवाददाता। होली पर्व को देखते हुए प्रशासन ने क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। सिकंदरपुर और छिबरामऊ क्षेत्र में कुल 30 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर तीन दुकानदारों के चालान किए गए।

शुक्रवार को यह अभियान बांट-माप विभाग के निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। टीम ने सबसे पहले सिकंदरपुर कस्बे में मिठाई की दुकानों की जांच की। निरीक्षण के दौरान दो दुकानों पर मिठाई को डिब्बे सहित तौलने की शिकायत सही पाई गई। इससे उपभोक्ताओं से अधिक कीमत वसूले जाने की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान काटे और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त हिदायत दी।

इसके बाद टीम छिबरामऊ नगर पहुंची, जहां एक दुकान पर सिगरेट के पैकेट पर अंकित मूल्य से अधिक धनराशि वसूलने का मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि निर्धारित मूल्य 95 रुपये होने के बावजूद उपभोक्ताओं से 105 रुपये लिए जा रहे थे। इस पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई।

बांट-माप निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या उपभोक्ताओं से धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी दुकानदारों को रेट सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और मानक के अनुरूप तौल मशीन रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आमजन को शुद्ध और निर्धारित मूल्य पर खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News