कन्नौज के मझपुर्वा गांव में आलू खेत को लेकर खूनी संघर्ष, 7 घायल 20 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

संवाद 24 संवाददाता। गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के मझपुर्वा गांव में आलू के खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस हिंसक झड़प में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी जरीफुल के बेटे मन्ना द्वारा शमीम के आलू के खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर पहले हल्की कहासुनी हुई थी। इसी विवाद ने शाम होते-होते उग्र रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के लोग पूर्व प्रधान वकील के घर के सामने एकत्र हो गए, जहां कहासुनी के बाद स्थिति बेकाबू हो गई।

आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों के साथ हमला बोल दिया और छतों से ईंट-पत्थर फेंके गए। इस हमले में शेख आसिफ, रिफाकत, शमीम, अंसार, नाजिल, शानू और खलीक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल गुरसहायगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों को हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। मसरूर अहमद की तहरीर पर गुरसहायगंज कोतवाली पुलिस ने नामजद और अज्ञात सहित कुल 20 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गांव में घटना के बाद तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *