एसपी कार्यालय के बाहर महिला का हंगामा, दुष्कर्म के आरोप में कार्रवाई न होने का आरोप; एएसपी को सौंपी गई जांच

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर शुक्रवार शाम उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला ने कथित दुष्कर्म प्रकरण में कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिला ने एक अधिकारी पर पिछले दो वर्षों से दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़िता का कहना है कि वह अपनी शिकायत लेकर संबंधित कोतवाली पहुंची थी, लेकिन वहां उसकी बात नहीं सुनी गई। उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों द्वारा उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और शिकायत दर्ज करने में टालमटोल की गई। कार्रवाई न होने से आक्रोशित महिला सीधे एसपी कार्यालय पहुंची और न्याय की मांग करने लगी।

हंगामे की सूचना मिलते ही कलक्ट्रेट परिसर स्थित पुलिस कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान महिला ने सुनवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी भी दी, जिससे वहां मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार ने बताया कि महिला ने अपनी जान को खतरा बताते हुए शिकायत की है। एहतियात के तौर पर उसे महिला पुलिस की सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

एसपी के अनुसार, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में तथ्यों के आधार पर उचित कदम उठाए जाएंगे।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News