तिर्वा में सड़क हादसा: अनियंत्रित बस की टक्कर से हरदोई निवासी युवक की मौत

संवाद 24 संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र तिर्वा में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरदोई जनपद के 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जलालपुर गांव के पास अंडरपास के निकट एक अनियंत्रित बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरदोई जनपद के भूपतिपुर नगला गांव निवासी रामवरन (40) गुरुवार को कन्नौज के जेंवा अटारा गांव स्थित अपनी बहन के घर आए थे। शुक्रवार दोपहर वह बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।

बताया गया कि जैसे ही वह जलालपुर गांव के पास अंडरपास के निकट पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

संवाद 24 न्यूज अपील करता है कि वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित गति से वाहन चलाएं, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News