पूर्वांचल के 5 बड़े कारोबारियों पर आयकर विभाग का शिकंजा, 4 जिलों में एक साथ तड़के छापेमारी
Share your love

संवाद 24, गोरखपुर। पूर्वांचल में टैक्स चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ आयकर विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। आयकर विभाग की 220 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमों ने सुबह करीब 6 बजे एक साथ गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज में पांच बड़े कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। यह सर्च ऑपरेशन ज्वाइंट डायरेक्टर इन्वेस्टिगेशन प्रांजल सिंह और असिस्टेंट डायरेक्टर इन्वेस्टिगेशन उत्सव पांडेय के नेतृत्व में चलाया गया, जो देर रात तक जारी रहा।
आयकर विभाग की टीमें गोरखपुर के सिविल लाइंस स्थित कार्यालय से 30 से अधिक गाड़ियों में रवाना हुईं। इन टीमों में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, बरेली, मुरादाबाद और प्रयागराज से आए अधिकारी शामिल थे। भारी पुलिस बल के साथ टीमों के पहुंचते ही संबंधित इलाकों में हड़कंप मच गया। छापेमारी की सूचना सोशल मीडिया के जरिए तेजी से फैल गई, जिससे कारोबारियों में खलबली देखी गई।
ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, शराब और साल्वेंट कारोबारियों के ठिकाने खंगाले गए
कार्रवाई के दौरान ऑटोमोबाइल, रियल एस्टेट, शराब, साल्वेंट और उनसे जुड़े सहयोगी कारोबारियों के ठिकानों पर दस्तावेजों की गहन जांच की गई। गोरखपुर में मेडिकल रोड स्थित एक ऑटोमोबाइल शोरूम और उसके मालिक के स्पोर्ट्स कॉलेज रोड स्थित आवास पर टीमों ने कागजात खंगाले। गोलघर इलाके में एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और एक कारोबारी के आवास पर भी आयकर अधिकारी पहुंचे।
सूबा बाजार में शराब और बीयर के थोक गोदाम पर छापा मारा गया, जबकि बरगदवा स्थित एक साल्वेंट फैक्ट्री में सुबह से ही दस्तावेजों की जांच चलती रही। इसके अलावा गीडा क्षेत्र में टैंकर निर्माण से जुड़े एक उद्यमी के ठिकानों पर भी आयकर विभाग ने कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि इस उद्यमी का संबंध कुशीनगर के एक रियल एस्टेट कारोबारी से जुड़ा है।
सीसीटीवी बंद, मोबाइल जब्त, आपसी संपर्क पर रोक
जहां-जहां टीमें पहुंचीं, वहां सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे बंद कराए गए और मौजूद लोगों को आपस में मिलने-जुलने से रोक दिया गया। टीम के सदस्य अपने साथ लाए गए सामान का विवरण परिवार के सदस्यों से लिखवाते रहे। मोबाइल फोन विभिन्न लिफाफों में रखकर सुरक्षित किए गए। जरूरत पड़ने पर ही परिवार के लोगों को सीमित बातचीत की अनुमति दी गई।
देवरिया और कुशीनगर में भी सख्त जांच
देवरिया में एक शराब फैक्ट्री पर आयकर विभाग की टीम जांच कर रही है, जिसे एक ऑटोमोबाइल कारोबारी से जुड़ा बताया जा रहा है। फैक्ट्री के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी को भी अंदर-बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई। फैक्ट्री कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं।
कुशीनगर में एक बड़े रियल एस्टेट कारोबारी के कई ठिकानों पर छापेमारी की गई। यहां टीमों ने सैकड़ों पन्नों के दस्तावेजों की फोटो कॉपी कराई। मोबाइल जब्त होने के कारण संबंधित लोगों का बाहरी संपर्क पूरी तरह से कट गया।
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई टैक्स चोरी और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामलों को लेकर की गई है। फिलहाल विभाग की ओर से आधिकारिक रूप से बरामदियों या कर चोरी की राशि को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।






