रेलवे रोड निर्माण पर जमी बर्फ पिघली : पालिका ने फैम व्यापार मंडल को दिया एक हफ्ते में काम शुरू करने का भरोसा

संवाद 24 संवाददाता। रेलवे रोड की बदहाल स्थिति को लेकर लंबे समय से उठ रही व्यापारियों की आवाज पर अब नगर पालिका परिषद ने सकारात्मक रुख दिखाया है। फैडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (फैम) के प्रतिनिधिमंडल को नगर पालिका ने आश्वासन दिया है कि रेलवे रोड पर निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू करा दिया जाएगा।

नगर पालिका परिषद कार्यालय में हुई बैठक के दौरान फैम व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सिंह से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। व्यापार मंडल के जिला महामंत्री विमलेश मिश्रा ने कहा कि 26 जुलाई 2025 को चौक पर आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका द्वारा रेलवे रोड निर्माण का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन महीनों बाद भी कार्य शुरू नहीं होने से व्यापारियों में गहरी नाराजगी है।

व्यापारियों का कहना था कि रेलवे रोड शहर की प्रमुख व्यावसायिक सड़कों में शामिल है और सड़क की जर्जर हालत के कारण व्यापार के साथ-साथ आमजन को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूर्व में दिए गए लिखित आश्वासन के अनुरूप निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए।

इस पर अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने भरोसा दिलाया कि लगभग एक सप्ताह के भीतर रेलवे रोड पर कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले चरण में सड़क की पैचिंग कराई जाएगी, जबकि मौसम अनुकूल होने पर आगे का निर्माण कार्य भी तेजी से कराया जाएगा।

बैठक में फैम व्यापार मंडल से सौरभ मिश्रा, मनोज दीक्षित, संजीब वर्मा, मस्कूर अंसारी, अनूप कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल ने उम्मीद जताई कि इस बार नगर पालिका अपने वादे पर अमल करते हुए रेलवे रोड को जल्द दुरुस्त कराएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *