कैंची धाम जा रहे श्रद्धालुओं की कार ट्रक से टकराई, बड़ा हादसा टला

जनपद कन्नौज के ग्राम शरीफपुर, पोस्ट मुर्रा के चार युवक रविवार रात कैंची धाम के दर्शन के लिए कार से रवाना हुए थे। यात्रा के दौरान गढ़िया महमदपुर के पास उनकी कार एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। सौभाग्यवश कार में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल होने से बच गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शरीफपुर निवासी अवधेश तिवारी, शिवम तिवारी, निखिल गुप्ता तथा राजीव कौशल रविवार रात लगभग 8 बजे कैंची धाम के दर्शन के लिए कार से निकले थे। रात्रि करीब 11 बजे जब उनकी कार फर्रुखाबाद के गढ़िया महमदपुर पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक सड़क से नीचे खाई में जा गिरा।

दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। स्थानीय लोगों ने राहत कार्य में सहयोग करते हुए कार सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि सभी को मामूली चोटें और मानसिक आघात पहुंचा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस रात में घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के लगभग 7 से 8 घंटे बीत जाने के बाद भी वाहन को घटनास्थल से नहीं हटाया जा सका है, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त वाहनों को शीघ्र हटाने तथा फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। वहीं इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। ग्रामीणों का मानना है कि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में ऐसे हादसे और गंभीर रूप ले सकते हैं।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *