फर्रुखाबाद में जयवीर सिंह का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, 2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा

उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने प्रदेश की जनता को 2017 से पहले के कथित जंगलराज, गुंडई और कानून व्यवस्था की स्थिति की याद दिलाते हुए कहा कि लोग उस दौर को अभी भूले नहीं हैं। मंत्री ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में भाजपा की फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का दावा भी किया।

अखिलेश यादव को दी अति उत्साहित न होने की नसीहत

जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव के राजनीतिक बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें जरूरत से ज्यादा उत्साहित नहीं होना चाहिए। उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अखिलेश यादव ने चुनाव से पहले ही सरकार बनने की उम्मीद में मंत्रिमंडल की रूपरेखा तैयार कर ली थी, लेकिन चुनाव परिणाम उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं आए।

सपा परिवार पर भी साधा निशाना, PDA को लेकर कसा तंज

प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री ने समाजवादी पार्टी के पारिवारिक समीकरणों पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने में मुलायम सिंह यादव की महत्वपूर्ण भूमिका और मेहनत रही थी PDA की अवधारणा पर तंज कसते हुए जयवीर सिंह ने इसे ‘परिवार डेवलपमेंट ऑफ सैफई’ बताया। उनके इस बयान को समाजवादी पार्टी के नेतृत्व और परिवारवाद पर राजनीतिक टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है।

 इंडिया गठबंधन पर भी किया प्रहार

विपक्षी दलों और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि भारत में नेपाल या बांग्लादेश जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होने की उम्मीद करना विपक्ष की गलतफहमी है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को दोबारा जनादेश देगी और वर्ष 2027 में पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

दीपावली पर शहर से गांव तक मिलेगी 24 घंटे बिजली

राजनीतिक बयानबाजी के साथ प्रभारी मंत्री ने आगामी दीपावली और दीपोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को त्योहार मनाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

खाद की कालाबाजारी और ओवररेटिंग पर सख्ती के निर्देश

किसानों से जुड़ी समस्याओं को लेकर जयवीर सिंह ने खाद की कालाबाजारी और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल, आवास लाभार्थियों को सौंपी चाबियां

प्रेस वार्ता एवं कार्यक्रम के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पांच दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की गईं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नवनिर्मित आवासों की चाबियां सौंपी गईं प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता समाज के जरूरतमंद और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। प्रशासन को जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करना चाहिए प्रभारी मंत्री की प्रेस वार्ता में जहां 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिली, वहीं त्योहारों पर बिजली व्यवस्था, किसानों को खाद की उपलब्धता और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता जैसे स्थानीय मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *