परीक्षा देने आए युवाओं को फर्रुखाबाद में नहीं होगी ठहरने की चिंता, विकास मंच ने खोले सेवा के द्वार

संवाद 24 फर्रुखाबाद। प्रतियोगी परीक्षा देने दूसरे जिलों से फर्रुखाबाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को ठहरने और भोजन के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए फर्रुखाबाद विकास मंच ने निःशुल्क व्यवस्था की है। 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित होने वाली पीईटी परीक्षा के दौरान बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को रहने, खाने, चाय और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मंच के कार्यकर्ताओं ने इसके लिए विभिन्न धर्मशालाओं और अन्य स्थानों पर इंतजाम किए हैं। मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा ने बताया कि पिछले कई वर्षों से फर्रुखाबाद में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के केंद्र बनाए जा रहे हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं दूसरे जिलों से परीक्षा देने पहुंचते हैं। सीमित ठहरने की सुविधाओं के कारण कई अभ्यर्थियों को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड या सड़क किनारे रात गुजारनी पड़ती थी। इसी परेशानी को देखते हुए मंच ने परीक्षार्थियों की मदद के लिए यह पहल शुरू की।

धर्मशालाओं में रुक सकेंगे बाहर से आने वाले अभ्यर्थी

भईयन मिश्रा के अनुसार, परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए विशंभर दयाल धर्मशाला, हिंदी भवन, सिंधी धर्मशाला और संस्कृत पाठशाला सहित कई स्थानों पर व्यवस्था की गई है। यहां अभ्यर्थियों को निःशुल्क ठहरने के साथ भोजन, चाय और नाश्ता भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस सेवा अभियान के तहत अब तक हजारों परीक्षार्थी लाभ उठा चुके हैं। अभ्यर्थियों ने व्यवस्था की सराहना की है। मंच का उद्देश्य है कि बाहर से आने वाले युवाओं को रहने और खाने की चिंता से राहत मिले, ताकि वे परीक्षा की तैयारी और प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

स्टेशन और बस स्टैंड पर भी दी जाएगी जानकारी

परीक्षार्थियों को निर्धारित ठहराव स्थलों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख स्थानों पर बैनर लगाए जाते हैं। स्थानीय दुकानदारों को भी व्यवस्था की जानकारी दी जाती है, जिससे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को सही स्थान तक पहुंचने में मदद मिल सके।

पुलिस भर्ती परीक्षा में सफल हुए 27 अभ्यर्थी

भईयन मिश्रा ने बताया कि इससे पहले पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान भी मंच ने अभ्यर्थियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की थी। उनके मुताबिक, उस दौरान यहां ठहरे 27 परीक्षार्थियों ने पुलिस भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद युवाओं की मदद से उन्हें संतोष मिलता है और मंच आगे भी इस सेवा को जारी रखने का प्रयास करेगा।

टीम के सहयोग से चल रहा सेवा अभियान

इस व्यवस्था में अंगद पांडे उर्फ कोमल, प्रिंस शुक्ला, निशित दुबे उर्फ निशु, ओमनिवास पाठक, आशुतोष मिश्रा उर्फ रामजी, शिवांक वाजपेयी, दिलीप टेंट, राजीव वर्मा, योगेश वर्मा, राम सक्सेना, शाहिद सहित कई अन्य लोग सहयोग कर रहे हैं।

फर्रुखाबाद विकास मंच की यह पहल प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले युवाओं के लिए राहत का माध्यम बन रही है। निःशुल्क आवास और भोजन की सुविधा मिलने से बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले ठहरने की व्यवस्था तलाशने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *