गोरखपुर में पुलिस पर फायरिंग, मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार

Share your love

संवाद 24 गोरखपुर। जनपद के बेलीपार थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। पुलिस द्वारा रोके जाने पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार भोर लगभग 3:15 बजे बेलीपार पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश अवैध असलहा और कारतूस लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक इंद्रजीत कुशवाहा पुलिस टीम के साथ कौड़ीराम–गोरखपुर मार्ग पर स्थित महोब बंधे के पास पहुंचे और चेकिंग शुरू की।

इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की और घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद तलाशी लेने पर आरोपितों के पास से दो तमंचे, पांच कारतूस और एक बाइक बरामद की गई। तीनों को थाना लाकर पूछताछ की गई, जहां से उन्हें शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर तीनों को जेल भेज दिया गया।

क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपितों में से दो के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News