आरएसएस शताब्दी वर्ष पर तिर्वा में पंच परिवर्तन को लेकर विराट हिंदू सम्मेलन आयोजित

Share your love

संवाद 24 तिर्वा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर पंच परिवर्तन के निमित्त एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन तिर्वा नगर की आजाद बस्ती में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

विराट हिंदू सम्मेलन के उपरांत धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता नंदराम जी ने की, जिनकी उपस्थिति में कार्यक्रम विधिवत संपन्न हुआ।

इस अवसर पर अमरनाथ जी (प्रांत कुटुंब प्रबोधन प्रमुख), योगेश जी (तिर्वा नगर एवं उमर्दा खंड प्रचारक), नरेंद्र जी, बंगाली जी, रामौतार जी, सौरभ जी, महेश जी, दिव्य जी सहित सैकड़ों लोगों की सहभागिता रही। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं वरिष्ठ जनों की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया।

सम्मेलन के दौरान आयोजित बौद्धिक सत्र में तिर्वा नगर एवं उमर्दा खंड प्रचारक योगेश जी ने बौद्धिक प्रस्तुत किया। साथ ही प्रांत कुटुंब प्रबोधन प्रमुख अमरनाथ जी ने भी पंच परिवर्तन के विषय पर समाज को मार्गदर्शन प्रदान किया।

बौद्धिक सत्र में पंच परिवर्तन के अंतर्गत सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण एवं स्व का बोध जैसे विषयों को विस्तार से रखा गया। वक्ताओं ने इन सभी बिंदुओं पर गहनता से प्रकाश डालते हुए समाज के बंधुओं से इन्हें अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन के माध्यम से समाज को संस्कार, संगठन और राष्ट्रभाव के साथ जोड़ने का संदेश दिया गया।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News