मकर संक्रांति के बाद योगी मंत्रिमंडल का विस्तार तय, भूपेंद्र चौधरी को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

Share your love

संवाद 24 लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार 2.0 का दूसरा मंत्रिमंडल विस्तार मकर संक्रांति के बाद होने की संभावना है। इसके साथ ही प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया भी शुरू होने के संकेत मिले हैं। मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में सरकार और संगठन की आगामी रणनीति को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में हुई इस पहली कोर कमेटी बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दूसरे चरण पर विशेष फोकस किया गया। बैठक में अधिक से अधिक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की रणनीति पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार SIR के शुरुआती आंकड़ों को लेकर भी चिंता जताई गई, क्योंकि कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में कमी सामने आई है, जिसे लेकर संगठन और सरकार दोनों सतर्क नजर आ रहे हैं।

बैठक में हाल ही में हुई ब्राह्मण विधायकों की बैठक के बाद ब्राह्मण समाज में बने राजनीतिक माहौल और उससे जुड़े संभावित डैमेज कंट्रोल को लेकर भी चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने सामाजिक संतुलन साधने और संदेश स्पष्ट करने की जरूरत पर जोर दिया।

सूत्रों के मुताबिक मकर संक्रांति के बाद होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को मंत्री बनाए जाने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। साथ ही विभिन्न बोर्ड, निगम और आयोगों में राजनीतिक नियुक्तियों की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने पर सहमति बनी है।

बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन और अन्य कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर भी विचार किया गया। इसके अलावा बीजेपी की नई प्रदेश टीम के गठन और आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी को लेकर भी चर्चा हुई।

इस अहम बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, संघ के क्षेत्रीय प्रचारक अनिल कुमार और महेंद्र कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक से साफ संकेत मिले हैं कि आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में संगठनात्मक और सरकारी स्तर पर बड़े फैसले देखने को मिल सकते हैं।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News