लखनऊ में खून से लथपथ मिली कक्षा-9 की छात्रा, 5 दिन से कोमा में, मां ने दोस्तों पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया
Share your love

संवाद 24 लखनऊ। राजधानी लखनऊ में कक्षा-9 की एक छात्रा सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में मिली। गंभीर रूप से घायल छात्रा का SGPGI ट्रॉमा सेंटर के ICU में इलाज चल रहा है। घटना को 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन छात्रा को अब तक होश नहीं आया है। परिजनों ने छात्रा के दोस्तों पर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना PGI थाना क्षेत्र के शहीद पथ, नीलमथा इलाके की है। घायल छात्रा की पहचान मानसी, निवासी रजनीखंड, आशियाना के रूप में हुई है।
क्रिसमस सेलिब्रेशन के लिए घर से निकली थी छात्रा
मानसी की मां नीतू सिंह ने बताया कि 25 दिसंबर को मानसी को उसके दोस्त निखिल ने फोन किया था। उसने कहा कि वह मानसी को घूमाने ले जाना चाहता है और उसके साथ उसकी बहनें भी होंगी। मां के मना करने पर कुछ देर बाद मानसी की दोस्त शीजा श्रीवास्तव ने फोन कर कहा कि वह, आइबा खान और मानसी साथ जा रही हैं। इसके बाद मानसी घर से चली गई।
मॉल ले जाने का बहाना, रास्ते में बदला प्लान
मां के अनुसार, दोस्तों ने पहले आलमबाग स्थित फीनिक्स प्लासियो मॉल ले जाने की बात कही, लेकिन बहाने से मानसी को लुलु मॉल ले जाया गया। वहां रुशील नाम का युवक मिला। इसके बाद सभी अलग-अलग गाड़ियों में सवार हो गए और विश्वनाथ एकेडमी स्कूल की ओर गए।
आखिरी कॉल के 10 मिनट बाद हादसे की सूचना
नीतू सिंह ने बताया कि देर होने पर उन्होंने बेटी को कॉल किया। कई बार फोन नहीं उठा। बाद में बात हुई तो मानसी ने कहा कि वह लुलु मॉल में है और थोड़ी देर में लौट रही है। इसके करीब 10 मिनट बाद शीजा ने कॉल कर बताया कि एक्सीडेंट हो गया है।
परिजन तुरंत SGPGI पहुंचे, जहां पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मानसी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया था। छात्रा को ट्रॉमा सेंटर के ICU में भर्ती किया गया, जहां वह पिछले 5 दिनों से बेहोश है।

मां का आरोप- यह हादसा नहीं, हत्या की कोशिश
मां नीतू सिंह का कहना है कि अगर यह सड़क हादसा होता, तो दोस्तों को तुरंत पुलिस या परिजनों को सूचना देनी चाहिए थी। न तो किसी ने पुलिस को बताया और न ही मौके के आसपास के लोगों को किसी एक्सीडेंट की जानकारी है। पुलिस भी कह रही है कि घटनास्थल पर हादसे के स्पष्ट सबूत नहीं मिले हैं।
घटना के बाद से निखिल और आइबा खान अस्पताल में मानसी का हालचाल लेने नहीं आए हैं और दोनों फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी
PGI थाना प्रभारी का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। छात्रा के बयान के लिए उसके होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।






