बलरामपुर अस्पताल का 157वां स्थापना दिवस आज, सोलर पैनल सहित कई नई स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा शुभारंभ

संवाद 24 लखनऊ। राजधानी स्थित बलरामपुर अस्पताल आज अपना 157वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर अस्पताल में मरीजों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

स्थापना दिवस समारोह के दौरान अस्पताल परिसर में लगाए गए 650 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल का लोकार्पण किया जाएगा। इन सोलर पैनलों से अस्पताल को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी, जिससे प्रतिमाह लगभग छह लाख रुपये की बिजली बचत होने का अनुमान है। इसके साथ ही वार्ड-11 में मरीजों की सुविधा के लिए नई लिफ्ट का उद्घाटन भी किया जाएगा, जिससे मरीजों को अब रैंप के सहारे एक तल से दूसरे तल तक नहीं जाना पड़ेगा।

अस्पताल परिसर में हाल ही में तैयार किए गए लिक्विड ऑक्सीजन प्लांट को भी स्थापना दिवस के अवसर पर शुरू किया जाएगा। इससे अस्पताल में ऑक्सीजन की सतत उपलब्धता सुनिश्चित होगी और गंभीर मरीजों के उपचार में और मजबूती आएगी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह सुविधा आपात स्थितियों में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।

अस्पताल की निदेशक डॉ. कविता आर्या ने बताया कि इस वर्ष स्थापना दिवस समारोह की थीम “विरासत से विश्वास तक” रखी गई है। वर्तमान में अस्पताल में 776 बेड उपलब्ध हैं और लखनऊ सहित आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में मरीज यहां उपचार के लिए पहुंचते हैं, जिसके चलते अधिकांश बेड हमेशा भरे रहते हैं।

गुर्दा रोगियों के लिए भी अस्पताल में सुविधाओं का विस्तार किया गया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ला के अनुसार, डायलिसिस मशीनों की संख्या बढ़ाकर 15 कर दी गई है, जिससे मरीजों को अब लंबे इंतजार से राहत मिल रही है। बीते एक वर्ष में अस्पताल में लगभग 20 हजार मरीजों की डायलिसिस की जा चुकी है।

सीएमएस डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि वर्ष 2025 में विभिन्न विभागों की ओपीडी में 10 लाख नए और 25 लाख पुराने मरीजों का उपचार किया गया, जबकि 56 हजार मरीजों को रेबीज का टीकाकरण भी किया गया। स्थापना दिवस पर शुरू हो रही नई सुविधाएं अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाएंगी।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *