नोएडा पोस्टमार्टम हाउस में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

संवाद 24, नोएडा।उत्तर प्रदेश के औद्योगिक शहर नोएडा में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। नोएडा स्थित पोस्टमार्टम हाउस में तैनात कर्मचारियों पर आरोप है कि उन्होंने परिजनों से पैसे न मिलने पर मृतक के शव को छूने से इनकार कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के परिजन जब पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो कर्मचारियों ने कथित रूप से उनसे अवैध रूप से धन की मांग की। परिजनों द्वारा रकम देने से मना करने पर कर्मचारियों ने शव को स्ट्रेचर पर रखने या सौंपने से इनकार कर दिया, जिससे परिजन असहाय स्थिति में आ गए।

स्थिति इतनी अमानवीय हो गई कि स्ट्रेचर उपलब्ध न कराए जाने के कारण मृतक का शव घंटों तक जमीन पर खुले में पड़ा रहा। मजबूर होकर परिजनों ने स्वयं अपने हाथों से शव को पैक किया। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस परिसर में मौजूद लोगों में आक्रोश देखा गया।

घटना ने नोएडा की स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकारी अस्पतालों में व्याप्त अव्यवस्थाओं को उजागर कर दिया है। बताया जा रहा है कि यह पोस्टमार्टम हाउस सेक्टर-39 थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-94 में स्थित है, जहां रोज बड़ी संख्या में शव पोस्टमार्टम के लिए लाए जाते हैं।

इस मामले के सामने आने के बाद गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने दोषी कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच की बात कही जा रही है। वहीं, नोएडा पुलिस से भी मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *