आगरा में सड़क हादसे में दो MBBS छात्रों की मौत, एक घंटे तक तड़पते रहे लेकिन किसी ने मदद नहीं की

Share your love

संवाद 24। आगरा में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एसएन मेडिकल कॉलेज के थर्ड ईयर MBBS छात्र तनिष्क गर्ग (22, निवासी हरदोई) और सिद्ध अग्रवाल (22, निवासी कमला नगर, आगरा) की मौत हो गई। दोनों दोस्त के घर से लौट रहे थे, जब खंदारी फ्लाईओवर से उतरते समय उनकी तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित हो गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन ने पीछे से टक्कर मारी, जिसके बाद बाइक डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर के बाद दोनों लगभग 10 फीट दूर उछलकर सिर के बल गिरे। हेलमेट चकनाचूर हो गया और एक हेलमेट में ऊपर की ओर छेद मिला। हादसे के बाद दोनों छात्र सड़क पर लगभग एक घंटे तक खून से लथपथ पड़े तड़पते रहे, लेकिन न तो कोई राहगीर मदद को आगे आया और न ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। बाद में वहां से गुजर रहे कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना हरिपर्वत थाना क्षेत्र में शाम करीब 6 बजे हुई।

परिवार और साथी छात्रों में मातम

हादसे की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज में छात्रों की भीड़ लग गई। कई छात्र-छात्राएं रो पड़े। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा— “आज हमने भविष्य के दो होनहार डॉक्टर खो दिए।”
सिद्ध के पिता राजेश अग्रवाल, जो जनरेटर पार्ट्स बनाने की फैक्ट्री चलाते हैं, बिलखते हुए बोले—
“अगर कोई समय पर अस्पताल पहुंचा देता, तो शायद दोनों बच जाते। मेरा सब कुछ खत्म हो गया।”
उन्होंने बताया कि सिद्ध ने 2022 में नीट में उच्च अंक हासिल कर MBBS में एडमिशन लिया था। उसका सपना था डॉक्टर बनना और अपनी मां का अधूरा सपना पूरा करना।

तनिष्क गर्ग भी तीसरे वर्ष का छात्र था और सिद्ध का करीबी दोस्त था। हादसे से पहले सिद्ध स्कूटी लेकर घर से निकला था, फिर तनिष्क के घर जाकर उसकी बाइक से साथ निकला।

हेलमेट कमजोर, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा किसी वाहन की सीधी टक्कर से हुआ या सिर्फ बाइक डिवाइडर से टकराई। घटना स्थल से सिर्फ एक सामान्य क्वालिटी का हेलमेट मिला, संभवतः वही तनिष्क पहने हुए था। दूसरे छात्र के हेलमेट पहनने की पुष्टि नहीं हुई।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यदि किसी वाहन की वजह से हादसा हुआ है तो उसके ड्राइवर पर कार्रवाई होगी।


यह घटना न केवल सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज की संवेदनहीनता को भी दर्शाती है, जहां दो युवा छात्र एक घंटे तक तड़पते रहे और कोई मदद के लिए आगे नहीं आया

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News