तमिलनाडु में दो बसों की आमने-सामने भीषण टक्कर, 11 की मौत; 20 से ज्यादा घायल

संवाद 24। तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के तिरुपत्तूर के पास रविवार दोपहर दो बसों की आमने-सामने टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 महिलाएं, 2 बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की पुष्टि शिवगंगा एसपी शिवा प्रसाद ने की।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेट ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की दोनों बसें ड्राइवर साइड से टकराईं, जिससे बसों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कई यात्रियों के शव सीटों के बीच फंस गए थे। स्थानीय लोगों और राहत दलों ने मिलकर कांच तोड़कर घायलों को बाहर निकाला

टक्कर के बाद सड़क पर बसों का मलबा और सामान बिखर गया। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा तथा घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया।

हादसे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है, लेकिन प्रारंभिक आशंका है कि एक बस तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने दोनों बस चालकों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है।

मौके पर भारी संख्या में पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने घायलों के लिए विशेष मेडिकल टीम लगाई है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त दोनों बसों में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश स्थानीय निवासी और दैनिक यात्री थे।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *