गोरखपुर: चार मंजिला होटल में भीषण आग, रेस्टोरेंट स्टाफ की दम घुटने से मौत

Share your love

गोरखपुर।
शहर के रामगढ़ताल क्षेत्र स्थित एक चार मंजिला होटल में रविवार सुबह लगी भीषण आग ने पूरे परिसर को कुछ ही मिनटों में अपनी चपेट में ले लिया। अचानक उठीं लपटें और घना धुआं देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है।

होटल में आग लगते समय दो लोग मौजूद थे। धुएं के बीच एक व्यक्ति किसी तरह बाहर निकल आया, जबकि दूसरा कर्मचारी बाथरूम में जाकर छिप गया। फायर स्टेशन को सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने पहली मंजिल पर पहुंचकर कर्मचारी को बेहोशी की अवस्था में पाया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

लगभग तीन घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक पूरी बिल्डिंग जलकर खाक हो चुकी थी। शुरुआती जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व फायर ब्रिगेड इंचार्ज शांतनू कुमार यादव ने किया।

होटल परिसर में ग्राउंड फ्लोर पर मिठाई की दुकान, पहली मंजिल पर वेज रेस्टोरेंट, दूसरी मंजिल पर होटल रूम और तीसरी मंजिल पर बैंक्वेट हॉल संचालित हो रहा था। मृत कर्मचारी की पहचान पुरुषोत्तम (55), निवासी गोंडा के रूप में हुई है, जो हाउसकीपिंग स्टाफ में शामिल था।

घनी आबादी वाला क्षेत्र, बड़ी घटना टली

होटल ‘वेज रेस्टोरेंट एंड बैंक्वेट हॉल’ पिछले चार वर्षों से संचालित हो रहा था। इसके आसपास घनी आबादी है—बगल में जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल और सामने बौद्ध संग्रहालय स्थित है, जबकि लगभग 100 मीटर की दूरी पर जेमिनी गार्डेनिया अपार्टमेंट में करीब दो हजार लोग रहते हैं।

सुबह आग की लपटें उठते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोग और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए। 5:16 बजे पुलिस और फायर विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद तुरंत बचाव कार्य शुरू हुआ।

होटल के मालिक मनोज शाही शहर के प्रमुख कैटरर्स में से एक माने जाते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News