हरदोई मेडिकल कॉलेज में किशोरी का शव घंटों इमरजेंसी बेड पर पड़ा रहा, जांच के आदेश

संवाद 24 हरदोई। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में मंगलवार को एक किशोरी का शव कई घंटों तक बेड पर पड़े रहने का मामला सामने आया है। शव के अकड़ जाने के बाद तीमारदारों द्वारा सूचना देने पर अस्पताल स्टाफ ने शव को मोर्चरी में रखवाया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरे प्रकरण की जांच कराने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात किशोरी को रविवार शाम हरपालपुर बस अड्डे पर बीमार अवस्था में देखकर एक राहगीर मेडिकल कॉलेज लेकर आया था। किशोरी अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं थी, जिसके बाद उसे इमरजेंसी वार्ड के जी-नाइन बेड पर भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।

मंगलवार सुबह लगभग 5:50 बजे आसपास के मरीजों के तीमारदारों ने देखा कि किशोरी के शरीर में कोई हलचल नहीं है और शरीर अकड़ा हुआ है। इसकी सूचना डॉक्टरों को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे चिकित्सक ने जांच कर किशोरी को मृत घोषित कर दिया। बाद में अस्पताल स्टाफ ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मौत के कुछ घंटों बाद शरीर के अकड़ने की प्रक्रिया को चिकित्सकीय भाषा में “रिगर मोर्टिस” कहा जाता है, जो सामान्य जैविक प्रक्रिया है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और यदि उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

किशोरी की अब तक पहचान नहीं हो सकी है, जबकि पुलिस और अस्पताल प्रशासन पहचान कराने के प्रयास में जुटे हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *