
संवाद 24 हरदोई। मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत लखनऊ में प्रस्तावित विधानसभा घेराव में शामिल होने जा रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को मंगलवार सुबह पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर रोक लिया। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन पकड़ने की कोशिश कर रहे नेताओं को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ते हुए निगरानी में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडेय के नेतृत्व में कई नेता पंजाब मेल से लखनऊ रवाना होने पहुंचे थे। पुलिस को पूर्व सूचना होने के कारण स्टेशन पर पहले से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। ट्रेन में चढ़ने के लिए प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिलाध्यक्ष समेत आठ नेताओं को हिरासत में लेकर शहर कोतवाली भेज दिया, जहां उन्हें दोपहर तीन बजे तक पुलिस निगरानी में रखा गया।
इसके अलावा प्रदेश महासचिव सुभाष पाल, वरिष्ठ नेता देवेंद्र विक्रम सिंह, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष हसनैन और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन सिंह सहित कई अन्य नेताओं को भी उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया और नजरबंद रखा गया। बाद में सभी को निर्धारित समय के बाद मुक्त कर दिया गया।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मनरेगा को समाप्त कर नई योजना लाने की तैयारी के विरोध में पार्टी द्वारा “मनरेगा बचाओ संग्राम” चलाया जा रहा है और इसी क्रम में विधानसभा घेराव का कार्यक्रम घोषित किया गया था। जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि प्रशासनिक सख्ती के बावजूद जिले के कुछ कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर लखनऊ पहुंचने में सफल रहे।






