पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी 15 फरवरी को सपा में होंगे शामिल, राजनीतिक सफर में नया मोड़

Share your love

संवाद 24 लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। बसपा सरकार में वरिष्ठ मंत्री रह चुके नसीमुद्दीन सिद्दीकी 15 फरवरी को समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में उनका औपचारिक स्वागत किया जाएगा। उनके साथ पूर्व मंत्री अनीस अहमद के भी सपा में शामिल होने की संभावना है।

नसीमुद्दीन सिद्दीकी लंबे समय तक बसपा की राजनीति में प्रभावशाली चेहरा रहे, लेकिन पार्टी नेतृत्व से मतभेद के बाद उन्होंने बसपा छोड़ दी थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा और लगभग आठ वर्षों तक पार्टी में सक्रिय रहे। हालांकि इस दौरान उन्हें संगठन में अपेक्षित जिम्मेदारियां नहीं मिलने की शिकायत रही, जिसके चलते उन्होंने हाल ही में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।

कांग्रेस छोड़ने के बाद सिद्दीकी ने बसपा में वापसी की कोशिश भी की, लेकिन वहां से सकारात्मक संकेत नहीं मिलने पर उन्होंने अन्य राजनीतिक विकल्पों पर विचार शुरू किया। अंततः उन्होंने समाजवादी पार्टी में शामिल होकर अपने राजनीतिक भविष्य को नई दिशा देने का निर्णय लिया।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सिद्दीकी के सपा में आने से पार्टी को मुस्लिम वोट बैंक में मजबूती मिल सकती है, वहीं संगठन के अंदर पहले से सक्रिय कुछ नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा भी बढ़ सकती है। आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए इस घटनाक्रम को प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News