महिला को धमकाने के आरोप में सपा प्रवक्ता मनोज यादव गिरफ्तार, मेडिकल के बाद पुलिस ने लखनऊ भेजा

संवाद 24 बाराबंकी। महिला को धमकाने और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के आरोप में पुलिस ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें शुक्रवार को सफदरगंज क्षेत्र से हिरासत में लिया और मेडिकल परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई के लिए लखनऊ रवाना कर दिया।

पुलिस के अनुसार 11 फरवरी को भगोलापुरवा निवासी महिला कलावती ने मनोज यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने उसे और उसके बेटे को धमकी दी तथा विवाद के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।

एफआईआर के बाद मनोज यादव के लापता होने की सूचना भी सामने आई थी। उनकी पत्नी प्रभा यादव ने गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया गया कि वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और उसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने सफदरगंज क्षेत्र से उन्हें गिरफ्तार कर लिया और बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि दर्ज शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

इस बीच, आरोपी के लापता होने के दौरान समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से उनकी खोज तेज करने की मांग की थी, जबकि पार्टी के कुछ नेताओं ने गिरफ्तारी पर सवाल भी उठाए हैं।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *