ठठिया ग्राम चौपाल में डीएम नहीं पहुंचे, बीडीओ ने संभाली कमान

कन्नौज जिले के उमर्दा विकास खंड अंतर्गत ठठिया ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम चौपाल में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री के निर्धारित कार्यक्रम में शामिल न होने से कई ग्रामीण निराश होकर लौट गए। जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सोनिया श्रीवास्तव ने चौपाल की अध्यक्षता करते हुए कार्यक्रम को संचालित किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

बीडीओ ने ग्रामीणों को दी योजनाओं की जानकारी

चौपाल के दौरान बीडीओ सोनिया श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय राशन कार्ड, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं की प्रगति और लाभ की स्थिति की भी जानकारी ली।

लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

खंड विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फॉर्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

कर्मचारियों की उपस्थिति की समीक्षा

चौपाल में पंचायत सहायक, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और सफाईकर्मियों से उनके कार्यों की समीक्षा की गई। ग्रामीणों ने अधिकांश कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। हालांकि, राजस्व विभाग से जुड़े मामलों के लिए पहुंचे शिकायतकर्ताओं को लेखपाल अभिषेक यादव की अनुपस्थिति के कारण निराश लौटना पड़ा।

जनसमस्याओं के समाधान पर दिया जोर

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सतरूपा अग्निहोत्री, एडीओ (पंचायत) पंकज त्रिपाठी, पंचायत सचिव राजेश दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *