फर्रुखाबाद में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: 6 वाहन सीज, लाखों का जुर्माना; 11.93 करोड़ रुपये के बकायेदारों पर भी 

फर्रुखाबाद में सड़क सुरक्षा और परिवहन नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने बड़े स्तर पर प्रवर्तन अभियान चलाया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर एआरटीओ (प्रवर्तन) सुभाष राजपूत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान ओवरलोड, अवैध संचालन और कर बकाया वाले वाहनों पर शिकंजा कसा गया। अभियान में कई वाहन सीज किए गए और लाखों रुपये का जुर्माना एवं कर आरोपित किया गया। जनपद में इससे पहले भी परिवहन विभाग लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करता रहा है।

ओवरलोड ट्रकों, डग्गामार बसों और कर बकाया वाहनों पर कार्रवाई तेज, विभाग ने साफ किया

अभियान के दौरान चार ओवरलोड ट्रकों को सीज करते हुए उन पर 98 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना वैध संचालन के चल रही दो डग्गेमार बसों को भी सीज किया गया, जिन पर 65 हजार रुपये का जुर्माना आरोपित किया गया। इसके अलावा कर बकाया के मामलों में चार अन्य वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 75 हजार रुपये का कर निर्धारित किया गया।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

परिवहन विभाग के अनुसार, जनपद में कर वसूली अभियान भी तेज कर दिया गया है। विभाग ने 1,158 वाहन स्वामियों को कर जमा करने के लिए नोटिस जारी किए हैं, जिन पर कुल 1,193.01 लाख रुपये (करीब 11.93 करोड़ रुपये) का कर बकाया है। इसके अतिरिक्त 146 वाहन स्वामियों के विरुद्ध 120.16 लाख रुपये की वसूली के लिए आरसी (वसूली-पत्र) जारी किए गए हैं। इन मामलों में अब राजस्व विभाग के माध्यम से वसूली की जाएगी।

विभाग ने यह भी बताया कि कर बकाया वाले वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। जनपद के विभिन्न थानों में सीज किए गए ऐसे 30 वाहनों की नीलामी पहले ही कराई जा चुकी है, जबकि शेष वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है। अधिकारियों का कहना है कि कर चोरी, ओवरलोडिंग और अवैध संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे समय रहते वाहन कर जमा करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन रखें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी जनपद भर में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *