तिर्वा में ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत, कानपुर ले जाते समय तोड़ा दम
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा सौंसरी गांव के पास हुआ, जहां एक ट्रैक्टर की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना ठठिया क्षेत्र के मटकेपुरवा गांव निवासी शंकरलाल (55) पुत्र हीरालाल गुरुवार शाम तालग्राम से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सौंसरी गांव के निकट पहुंचे, सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से उन्हें कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को वापस मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर दी गई है।
कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।






