
तहसील परिसर में विधान परिषद चुनाव के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब मतदान केंद्र के बाहर भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद मतदान करने पहुंचे एक स्नातक मतदाता को केंद्र के अंदर ले जाने को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। मामला बढ़ता देख पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और व्हीलचेयर की मदद से मतदाता को मतदान केंद्र के अंदर पहुंचाकर मतदान कराया। पुलिस की सक्रियता के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
फ्रैक्चर वाले मतदाता को अंदर भेजने पर भिड़े दोनों पक्ष
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब डेढ़ बजे पैर में फ्रैक्चर होने के बावजूद एक स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचे थे। भाजपा नेताओं ने मतदाता को मतदान केंद्र के अंदर जाने देने की बात कही, जबकि सपा नेता ने इस पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, व्हीलचेयर से कराया मतदान
विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को अलग किया और भीड़ को मतदान केंद्र के आसपास से हटाया। इसके बाद फ्रैक्चर से पीड़ित मतदाता को व्हीलचेयर की सहायता से अंदर भेजा गया, जहां उन्होंने मतदान किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी। इसके बाद मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही।
चार बूथों पर सुरक्षा के बीच मतदान, दोपहर 12 बजे तक 21.52% वोटिंग
कायमगंज तहसील परिसर में बनाए गए चारों बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कराया गया। जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार केंद्रों की गतिविधियों पर नजर बनाए रहे, ताकि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दोपहर 12 बजे तक यहां कुल 21.52 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को मतदान निर्धारित था, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होनी है। इस चुनाव में फर्रुखाबाद समेत आगरा मंडल के 12 जिले शामिल हैं।
भाजपा-सपा नेताओं की मौजूदगी, पहली बार वोट डालने वालों में उत्साह
मतदान के दौरान भाजपा और सपा के नेता अपने-अपने चुनावी कैंपों में मौजूद रहे। दोनों दलों के कार्यकर्ता मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करते नजर आए। वहीं, पहली बार मतदान करने पहुंचीं करिश्मा शाक्य, चंचल शाक्य और आकांक्षा तिवारी ने मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और पहली बार वोट डालने पर खुशी जाहिर की कायमगंज में हुई इस घटना के दौरान पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया। हालांकि, मतदान केंद्र के बाहर राजनीतिक कार्यकर्ताओं के बीच हुई नोकझोंक ने चुनावी माहौल में तनाव जरूर पैदा किया।






