भानू प्रताप सिंह पर टिप्पणी से भड़के किसान, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

भारतीय किसान यूनियन (भानू) के पदाधिकारियों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) को सौंपा। ज्ञापन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानू प्रताप सिंह भानू के खिलाफ की गई कथित अभद्र टिप्पणियों का विरोध करते हुए पूर्व मंत्री मदन चौहान और किसान नेता मांगेराम त्यागी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष ठाकुर जगपाल सिंह राठौर और जिला वरिष्ठ महामंत्री शिशुपाल सिंह राजपूत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान पदाधिकारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक और अभद्र बयान दिए जा रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।

ज्ञापन में कहा गया कि पूर्व मंत्री मदन चौहान, जो वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं, तथा किसान नेता मांगेराम त्यागी द्वारा सार्वजनिक रूप से की जा रही टिप्पणियों से संगठन की छवि धूमिल हो रही है। यूनियन का आरोप है कि इन बयानों से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भावनाएं आहत हुई हैं तथा संगठन के भीतर असंतोष बढ़ा है। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर भी इस विवाद से जुड़े वीडियो और पोस्ट सामने आए हैं, जिनमें दोनों पक्षों के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिली है।

भारतीय किसान यूनियन (भानू) ने प्रशासन से मांग की है कि मदन चौहान और मांगेराम त्यागी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, संबंधित राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से भी उन्हें निष्कासित करने की मांग की गई है।

पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (भानू) एक लोकतांत्रिक और सामाजिक संगठन है, जिसकी अपनी मर्यादा और अनुशासन है। ऐसे में संगठन के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो 17 अप्रैल को गढ़मुक्तेश्वर में मदन चौहान के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। संगठन के कई पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस प्रदर्शन को लेकर कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला महिला अध्यक्ष राममूर्ति, जिला उपाध्यक्ष पूजा सक्सेना कुमकुम, ब्लॉक मोहम्मदाबाद अध्यक्ष क्षेत्रपाल सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह राजपूत, विकास अग्निहोत्री, राजवीर सिंह, राजपाल सिंह सोमवंशी, रामदास गुप्ता, आसिफ खान, राजेंद्र सिंह परिहार और शिवपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News