फर्रुखाबाद में होली पर नहीं जाएगी लाइट! 24 घंटे चौकन्ना रहेगा बिजली विभाग

संवाद 24 संवाददाता। होली पर्व को लेकर फर्रुखाबाद में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए विद्युत विभाग ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। उपभोक्ताओं को त्योहार के दौरान बिना रुकावट बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं, साथ ही शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अस्थायी कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जा रहा है।

अधीक्षण अभियंता यादवेंद्र सिंह के अनुसार, जिले के सभी विद्युत उपकेंद्रों पर विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को हर समय मोबाइल कॉल रिसीव करने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख होलिका दहन स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी, जहां अलग से टीमों की ड्यूटी लगाई जाएगी।

तीनों वितरण खंडों के अधिशासी अभियंता, एसडीओ तथा अवर अभियंताओं को रविवार सुबह से अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से झूलती बिजली लाइनों और ढीले केबलों को तत्काल ठीक कराने पर जोर दिया गया है, ताकि होलिका दहन के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना या आपूर्ति बाधित होने की आशंका न रहे।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन परिस्थितियों को छोड़कर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त रहेंगी। फॉल्ट की स्थिति में तत्काल मरम्मत के लिए स्टोर में आवश्यक उपकरण और सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल की जा सके।

विद्युत विभाग कार्यालय परिसर में चार दिनों के लिए विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया जा रहा है। यहां तीन शिफ्टों में दो-दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि अधिशासी अभियंता (परीक्षण) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कंट्रोल रूम के माध्यम से उपभोक्ताओं की शिकायतें दर्ज कर तुरंत संबंधित टीम को भेजी जाएंगी।
त्योहार के मद्देनजर विभाग का दावा है कि इस बार होली पर जिलेवासियों को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले ही पूरे कर लिए गए हैं।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *