दो घंटे तक नहीं मिली बदायूं की बस, ठंड में भटकते रहे यात्री

संवाद 24 संवाददाता। शनिवार सुबह फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे पर बदायूं जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। साढ़े आठ बजे के बाद करीब दो घंटे तक बदायूं के लिए कोई बस नहीं मिलने से यात्री बस अड्डे पर भटकते रहे। स्थिति तब संभली जब स्थानीय डिपो की बस करीब 10 बजे रवाना की गई।

जानकारी के अनुसार, रोडवेज की ओर से बदायूं के लिए प्रतिदिन सुबह हर घंटे बस सेवा संचालित की जाती है। शुक्रवार रात रुकने वाली दोनों बसें शनिवार सुबह समय पर रवाना हो गई थीं, लेकिन इसके बाद बदायूं से आने वाली बस, जिसे सुबह आठ बजे तक फर्रुखाबाद पहुंचना था, नहीं आई। परिणामस्वरूप अमृतपुर, जरियनपुर, मिर्जापुर, कलान, उसावां, म्याऊं, अलापुर सहित बदायूं जाने वाले 25 से अधिक महिला, पुरुष और बच्चे बस अड्डे पर इंतजार करते रहे।

यात्रियों ने बार-बार पूछताछ केंद्र से जानकारी ली, जहां से यही बताया गया कि बदायूं से बस आने पर ही आगे रवाना की जाएगी। साढ़े नौ बजे तक जब कोई बस नहीं पहुंची, तब मजबूरन स्थानीय डिपो की बस करीब 10 बजे रवाना की गई। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

रोडवेज कर्मचारियों के मुताबिक, शुक्रवार को पांचाल घाट गंगा पुल पर कई घंटों तक बसें जाम में फंसी रहीं, जिससे बसों के फेरे का पूरा शेड्यूल बिगड़ गया। इसी कारण बदायूं से सुबह की बस समय पर फर्रुखाबाद नहीं पहुंच सकी।

यात्रियों का कहना है कि कड़ाके की ठंड में लंबे समय तक बस अड्डे पर खड़े रहना उनके लिए बेहद कठिन रहा। उन्होंने रोडवेज प्रशासन से मांग की कि ऐसे हालात में वैकल्पिक व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए, ताकि यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।


Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *