ई-रिक्शा चार्जर चोरी के शक में युवक की हत्या: चाचा गिरफ्तार, फरार भतीजे की तलाश तेज

संवाद 24 संवाददाता। चोरी के शक में युवक की बेरहमी से हत्या कर शव फेंकने के मामले में पुलिस ने चाचा-भतीजे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार भतीजे की तलाश के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। हत्या में इस्तेमाल किए गए पत्थर और डंडे भी बरामद कर लिए गए हैं।

गैसिंगपुर निवासी राजेश कठेरिया की रविवार रात हत्या कर उसका शव खाटू श्याम मंदिर के पीछे मैदान में फेंक दिया गया था। सोमवार सुबह शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, लेकिन शुरुआती तौर पर शव की पहचान नहीं हो सकी थी।

मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के आधार पर गैसिंगपुर के चौकीदार देशराज ने शव की पहचान अपने भतीजे राजेश कठेरिया के रूप में की। इसके बाद पुलिस की जांच में अहम सुराग हाथ लगे। छानबीन में सामने आया कि ई-रिक्शा का चार्जर चोरी करने के शक में गांव के ही राजेश बाथम और उसका भतीजा अजीत बाथम राजेश कठेरिया को जबरन पिकअप वाहन में बैठाकर ले गए थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और पत्थर व डंडों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। राजेश बाथम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली।

मृतक के पिता प्रेमचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने राजेश बाथम और उसके चचेरे भतीजे अजीत बाथम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए अजय वर्मा ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *