अमित शाह घबराए हुए थे- राहुल गांधी, BJP का पलटवार: संसद के बाहर भी जारी रही जुबानी जंग

संवाद 24, नई दिल्ली। नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि वे सदन में घबराए हुए नजर आए और उन्होंने गलत भाषा का इस्तेमाल किया। राहुल गांधी ने दावा किया कि अमित शाह मानसिक दबाव में थे, जो उनके हाव-भाव और बोलने के तरीके से साफ दिख रहा था। उनके इस बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया और इसे महज राजनीतिक ड्रामेबाजी करार दिया।

संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने सदन में जो सवाल उठाए, उन पर गृह मंत्री ने कोई ठोस जवाब या सबूत नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अमित शाह को चुनौती दी थी कि वे उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों पर सदन में चर्चा करें, लेकिन सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आया।

राहुल गांधी के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास कहने के लिए कुछ नहीं है और इसलिए वे इस तरह के बयान देकर ड्रामेबाजी कर रहे हैं। जोशी ने कहा कि गृह मंत्री ने संविधान के प्रावधानों के साथ स्पष्ट जवाब दिया, लेकिन राहुल गांधी उसे समझने या स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी न तो ठीक से दस्तावेज पढ़ते हैं और न ही अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सलाह मानते हैं।

इसी मुद्दे पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी के पास मजबूत तर्क होते तो वे चर्चा के दौरान सदन छोड़कर नहीं जाते। उन्होंने कहा कि चुनाव सुधारों और SIR को लेकर उठाए गए सभी सवालों का सरकार ने जवाब दिया है और सुप्रीम कोर्ट ने भी SIR को लेकर हस्तक्षेप से इनकार किया है। उनके मुताबिक, हार का ठीकरा बार-बार चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर फोड़ना विपक्ष की पुरानी आदत बन गई है।

गौरतलब है कि बुधवार को लोकसभा में SIR के मुद्दे पर अमित शाह और राहुल गांधी के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। राहुल गांधी ने सरकार पर ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए थे, जिसके जवाब में गृह मंत्री ने कहा था कि वे विपक्ष के तय एजेंडे पर नहीं, बल्कि अपने तरीके से सवालों का जवाब देंगे। इस बहस के बाद से ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *