मणिपुर में फिर गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट, खेत में काम कर रही महिला की मौत के बाद 48 घंटे के बंद का ऐलान

​​संवाद 24 मणिपुर।​ पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में लंबे समय से सुलग रही अशांति की आग एक बार फिर भड़क उठी है। सीमांत और संवेदनशील इलाकों में अमन-चैन बहाल करने के प्रशासनिक दावों के बीच हथियारबंद गुटों की आपसी रंजिश अब सीधे तौर पर निर्दोष ग्रामीणों की जान लेने लगी है। ताजा घटना कांगपोकपी और सेनापति जिले की सीमावर्ती पट्टी से सामने आई है, जहां गुरुवार को संदिग्ध उद्रवियों के दो गुटों के बीच हुई भीषण गोलीबारी की चपेट में आकर खेत में काम कर रही एक कुकी महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। इस खूनी संघर्ष के बाद भड़के स्थानीय कुकी संगठनों ने प्रशासन पर नाकामी का आरोप लगाते हुए जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद का कड़ा ऐलान कर दिया है।

​​खेत में मजदूरी कर रही महिला बनी अंधाधुंध फायरिंग का शिकार​
​अधिकारियों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी जिले के ताफौ कुकी गांव और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग क्षेत्र के बीच अचानक भारी हथियारों से लैस प्रतिद्वंद्वी विद्रोही गुट आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई अंधाधुंध गोलीबारी से पूरा इलाका थर्रा उठा। ​दुर्भाग्यवश, गोलीबारी के वक्त ताफौ कुकी गांव की निवासी के. चोंगलोई पास के खेतों में सामान्य दिनों की तरह काम कर रही थीं। अचानक लगी गोली के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं पास में मौजूद दो अन्य स्थानीय नागरिक – एस. डेविड चोंगलोई और लामखोचोन चोंगलोई – भी छर्रे और गोलियां लगने से लहुलूहान हो गए। गोलियों की आवाज थमने के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

​​कुकी संगठन का 48 घंटे का बंद, सुरक्षाबलों को हटाने की मांग​
​इस हृदयविदारक घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में भारी जनाक्रोश फूट पड़ा। कुकी समुदाय से जुड़े स्थानीय संगठनों, विशेष रूप से ‘कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी’ (सीओटीयू) ने घटना पर कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कांगपोकपी जिले में 48 घंटे के संपूर्ण बंद का आह्वान किया है। ​संगठन ने राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि तैनात सुरक्षाबल आम नागरिकों को सुरक्षा मुहैया कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने मांग रखी कि इलाके से सभी सुरक्षाबलों को तत्काल वापस बुलाया जाए और ताफौ कुकी गांव को प्रशासनिक व सुरक्षा की दृष्टि से सेनापति के बजाय कांगपोकपी जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में शामिल किया जाए। तनाव इतना गहरा गया कि जब सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के लिए गांव की ओर रुख किया, तो स्थानीय महिलाओं ने एकजुट होकर जवानों का रास्ता रोकने की पुरजोर कोशिश की।

​​अन्य जिलों में भी हमले, भारी गोला-बारूद और नशीला पदार्थ जब्त​
​मणिपुर में अशांति का दायरा केवल कांगपोकपी तक सीमित नहीं रहा। उखरुल जिले के सिनाकेइथी इलाके में भी धान की कटाई कर रहे बेबस किसानों पर संदिग्ध उग्रवादियों ने अचानक फायरिंग कर दी। सुरक्षाबलों ने त्वरित मोर्चा संभालते हुए बाकी किसानों को सुरक्षित निकाला, हालांकि इस हमले में भी एक किसान गोली लगने से जख्मी हो गया। ​दूसरी ओर, चूड़चंदपुर जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। जब्त किए गए सामान में 10 फीट लंबा विशाल रॉकेट, चीन निर्मित चार घातक मोर्टार और छह जिंदा इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) शामिल हैं, जिससे स्पष्ट है कि उपद्रवी किसी बड़ी आतंकी साजिश की फिराक में थे। इसके अलावा, एक अलग चेकिंग अभियान में कांगपोकपी जिले में एक यात्री बस से 1.147 किलोग्राम मेथामफेटामाइन टैबलेट (सिंथेटिक ड्रग्स) भी बरामद की गई।

​​शांति बहाली के लिए सर्वदलीय समिति बनाने की कवायद​
​लगातार बिगड़ते हालात के बीच मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने सभी समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ नई दिल्ली में हुई चर्चा का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य के सभी समुदायों को एक मंच पर लाने और आपसी सौहार्द बहाल करने के लिए एक विशेष सर्व-समुदाय प्रतिनिधित्व समिति का गठन किया जाएगा। बहरहाल, जब तक जमीनी स्तर पर गोलियों की गूंज शांत नहीं होती, तब तक आम पहाड़ी और मैदानी आबादी के बीच खौफ का साया मंडराता रहेगा।

Madhvi Singh
Madhvi Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *