ढाका की रैली में भारत पर सीधा हमला: NCP नेता बोला—‘सेवेन सिस्टर्स को अलग कर देंगे’
Share your love

संवाद 24, अंतरराष्ट्रीय डेस्क।
ढाका में आयोजित एक विरोध रैली के दौरान बांग्लादेश की नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के नेता हसनत अब्दुल्ला ने भारत के खिलाफ तीखी और भड़काऊ टिप्पणी करते हुए क्षेत्रीय तनाव को हवा दे दी। शेख हसीना सरकार के खिलाफ हिंसक आंदोलनों से जुड़े रहे अब्दुल्ला ने खुले मंच से भारत के पूर्वोत्तर राज्यों, जिन्हें ‘सेवेन सिस्टर्स’ कहा जाता है, को अलग-थलग करने की धमकी दी।
सोमवार को राजधानी ढाका स्थित शहीद मीनार पर आयोजित सर्वदलीय रैली में संबोधन के दौरान अब्दुल्ला ने कहा कि यदि बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश की गई तो उसका जवाब “भारत के सेवेन सिस्टर्स को काटकर” दिया जाएगा। उनका यह बयान सामने आते ही राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में हलचल मच गई।
यह रैली ‘इंकलाब मंच’ के बैनर तले आयोजित की गई थी, जो संगठन के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में बुलाई गई थी। हादी को बीते शुक्रवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी थी, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए सिंगापुर भेजा गया। फिलहाल उनकी हालत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
अपने भाषण में हसनत अब्दुल्ला ने बिना किसी देश या व्यक्ति का नाम लिए आरोप लगाया कि सीमा पार से कुछ ताकतें बांग्लादेश में शरण और समर्थन देकर देश को अस्थिर करने तथा चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की साजिश रच रही हैं। उन्होंने दावा किया कि हादी पर हुए हमले के पीछे भारत समर्थित तत्वों की भूमिका हो सकती है।
भारत पर सीधे आरोप लगाते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि भारतीय एजेंसियां कथित तौर पर सीमा पार हत्याओं और बांग्लादेशी नागरिकों के मानवाधिकार उल्लंघन में शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर बांग्लादेश की संप्रभुता, मतदान अधिकारों और मानवाधिकारों का सम्मान नहीं किया गया, तो इसके गंभीर परिणाम पूरे दक्षिण एशिया को झेलने पड़ सकते हैं।
अब्दुल्ला के इस बयान को राजनीतिक विश्लेषक उकसावे वाला और क्षेत्रीय शांति के लिए खतरनाक मान रहे हैं। हालांकि, बांग्लादेश सरकार या भारत की ओर से इस बयान पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन यह बयान दोनों देशों के रिश्तों में नए तनाव की वजह बन सकता है।






