मैट्रिमोनियल साइट पर ‘डॉक्टर’ बनकर ठगी: पहली मुलाकात में युवती की स्कूटी लेकर फरार

संवाद 24 संवाददाता। मैट्रिमोनियल साइट्स पर रिश्ते तलाशना अब जोखिम भरा साबित हो रहा है। न्यू आगरा क्षेत्र में सामने आए एक मामले ने ऑनलाइन पहचान की सच्चाई पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां एक युवक ने खुद को डॉक्टर बताकर युवती को प्रभावित किया और पहली ही मुलाकात में उसके साथ ठगी कर फरार हो गया।
शाहगंज के दौरेठा की रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया कि उसने शादी के उद्देश्य से एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान ‘डॉ. शिव कुमार शर्मा’ नाम की प्रोफाइल से उसका मैच हुआ। बातचीत बढ़ी तो युवक ने खुद को डॉक्टर बताते हुए भरोसा जीत लिया और मिलने का प्रस्ताव रखा।

दोनों दिल्ली हाईवे के सर्विस रोड स्थित एसआरके मॉल के बर्गर किंग रेस्टोरेंट में मिले। कुछ देर बातचीत के बाद युवक ने अपने दोस्त और भाभी से मिलाने की बात कही। युवती उसकी बातों में आ गई और अपनी स्कूटी पर उसे बैठाकर साथ चल दी। रास्ते में युवक ने फोन पर दोस्त के मॉल पहुंचने की बात बताई और स्कूटी मोड़कर वापस एसआरके मॉल ले आया।

मॉल पहुंचने पर जैसे ही युवती पार्किंग की स्लिप लेने उतरी, युवक स्कूटी लेकर फरार हो गया। स्कूटी की डिक्की में युवती का पर्स, आभूषण और नकदी रखी हुई थी। अचानक हुई इस घटना से युवती के होश उड़ गए।
इंस्पेक्टर न्यू आगरा के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए मॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

अपराध का बदलता तरीका, बढ़ती चुनौती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधी अब अपने तरीके बदल रहे हैं। पहले ऑनलाइन सामान खरीदने-बेचने के नाम पर वाहन लेकर फरार होने की घटनाएं सामने आती थीं, अब मैट्रिमोनियल साइट्स और सोशल मीडिया ऐप्स पर भरोसा जीतकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है।

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने आमजन से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से बातचीत में अपनी निजी जानकारी साझा करना खतरनाक हो सकता है। ऑनलाइन पहचान की पूरी तरह जांच-पड़ताल किए बिना मुलाकात से बचना चाहिए। यह घटना न सिर्फ एक युवती के साथ हुई ठगी की कहानी है, बल्कि डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर और सोशल फ्रॉड के प्रति चेतावनी भी है—जहां रिश्तों की तलाश में एक छोटी सी चूक बड़ा नुकसान बन सकती है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News