भाजपा गद्दार और ड्रामेबाज, वोट चोरी कर रही है सरकार” — रामलीला मैदान से खरगे का तीखा हमला, सियासी तूफान तय
Share your love

संवाद 24, नई दिल्ली । चोरी के आरोपों को लेकर दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली में रविवार को सियासी माहौल पूरी तरह गर्म नजर आया। रैली में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जोरदार हमला बोला।
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने भाषण में भाजपा के लिए बेहद कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए कहा कि “भाजपा के लोग वोट चोरी करने वाले गद्दार और ड्रामेबाज हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और मनुस्मृति की विचारधारा के सहारे देश को चलाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरनाक है।
खरगे ने कहा कि यदि देश, वोट का अधिकार और संविधान बचाना है, तो जनता को कांग्रेस और राहुल गांधी के साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने दावा किया कि “कांग्रेस की विचारधारा ही देश को बचा सकती है, जबकि भागवत और मनुस्मृति की सोच देश को खत्म कर देगी।”
अपने भाषण में खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे उसी विचारधारा के रास्ते पर चल रहे हैं, जो गरीबों को फिर से गुलामी की ओर धकेलना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिंदुत्व के नाम पर समाज को बांटने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा और उसके नेता गांधी, नेहरू और आंबेडकर के खिलाफ बयानबाजी करते हैं, जबकि दूसरी ओर चुनावों में वोट चोरी कर लोकतंत्र को चोट पहुंचा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा, “इन गद्दारों को सत्ता से हटाना जरूरी है।”
खरगे ने यह दावा भी किया कि चुनाव हारने के बाद नरेंद्र मोदी का नामोनिशान नहीं रहेगा, जबकि कांग्रेस पार्टी हार के बाद भी जिंदा रहती है और लगातार संघर्ष करती है। उन्होंने केरल के स्थानीय निकाय चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने वहां शानदार जीत दर्ज कर राजग को करारी शिकस्त दी है।
रामलीला मैदान में हुई इस महारैली के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं, वहीं खरगे के तीखे बयानों ने राजनीतिक घमासान को और हवा दे दी है।






