कानपुर का लाल गौरव खन्ना बना बिग बॉस 19 का विजेता, शहर में जश्न का माहौल

संवाद 24 संवाददाता। शहर के सिविल लाइंस क्षेत्र के निर्यात कारोबारी विनोद खन्ना और शशि खन्ना के बेटे गौरव खन्ना ने रविवार देर रात पूरे देश के सामने इतिहास रच दिया। करोड़ों दर्शकों के सामने गौरव खन्ना ने बिग बॉस सीजन 19 का ग्लिटरिंग ट्रॉफी अपने नाम कर कमलों में थाम लिया और कानपुर का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चमकाया।

टीवी सीरियल ‘अनुपमा’ में अनुज कपाड़िया का किरदार निभाकर घर-घर में छा चुके गौरव ने पहले सेलेब्रिटी मास्टर शेफ में अपनी कुकिंग स्किल दिखाई और अब बिग बॉस के घर में 100+ दिनों तक दर्शकों का दिल जीतते रहे। फिनाले में जब सलमान खान ने उनका नाम विजेता के रूप में घोषित किया तो कानपुर में उनके घर के बाहर आतिशबाजी और ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देने लगी।

गौरव की शुरुआती पढ़ाई कानपुर के प्रतिष्ठित सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल (कैंट) से हुई। स्कूल के पूर्व शिक्षकों और साथियों का कहना है कि गौरव बचपन से ही बेहद प्रतिभाशाली और मिलनसार थे। इसके बाद उन्होंने पीपीएन डिग्री कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरा किया और एमबीए की पढ़ाई के लिए मुंबई गए। मुंबई में रहते हुए उन्होंने एक्टिंग क्लासेस जॉइन कीं और धीरे-धीरे छोटे-बड़े रोल मिलने शुरू हुए। अनुपमा में अनुज कपाड़िया बनते ही वे रातों रात स्टार बन गए।

घर लौटने पर गौरव के पिता विनोद खन्ना ने कहा, “ये सिर्फ गौरव की नहीं, पूरे कानपुर की जीत है। उसने मेहनत, धैर्य और सच्चाई से ये मुकाम हासिल किया है।” मां शशि खन्ना की आंखें खुशी के आंसुओं से भरी थीं। मोहल्ले के बच्चे और युवा गौरव को अपना रोल मॉडल बता रहे हैं।

कानपुर के लोगों का कहना है कि गौरव ने साबित कर दिया कि अगर सपने बड़े हों और मेहनत सच्ची हो तो छोटे शहर से भी बॉलीवुड और टीवी की चकाचौंध तक का सफर तय किया जा सकता है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News