गुवाहाटी में तैनात वायुसेना जवान दिग्विजय की हार्ट अटैक से दर्दनाक मृत्यु, गांव में छाया मातम

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के असलापुर गांव के 28 वर्षीय वायुसेना जवान दिग्विजय सिंह की गुवाहाटी में ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। मात्र 28 साल की उम्र में देशसेवा के दौरान प्राण त्यागने वाले इस जाबांज सैनिक की मौत की खबर जैसे ही परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया। मां, पत्नी और दो साल के मासूम बच्चे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

दिग्विजय सिंह पुत्र राकेश कुमार मूल रूप से असलापुर गांव के रहने वाले थे। उनके पिता राकेश कुमार जालौन जिले में एसपी ऑफिस में तैनात हैं और पूरा परिवार वर्तमान में उरई में रहता है। दिग्विजय गुवाहाटी वायुसेना स्टेशन पर बतौर एयरमैन कार्यरत थे। शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे साथी जवान मनोज कुमार ने फोन पर परिजनों को यह दुखद सूचना दी।

सोमवार को वायुसेना के जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर असलापुर गांव पहुंचाया। जैसे ही शव गांव पहुंचा, चारों तरफ सन्नाटा छा गया। महिलाओं की चीखें और परिजनों का क्रंदन आसमान को चीरता रहा। मां सुशीला देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थीं। पत्नी प्रिंसी अपने दो वर्षीय बेटे दैविक को गोद में लिए खामोश आंसुओं के साथ पति को अंतिम विदाई दे रही थीं। मासूम दैविक बार-बार “पापा… पापा” पुकार रहा था, जिसे देख हर आंख नम हो गई।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News