आज राम मंदिर के शिखर पर सनातन धर्म की पताका फहराएंगे प्रधानमंत्री मोदी
Share your love

संवाद 24। अयोध्या — नव निर्मित राम मंदिर के शिखर पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मध्वजा फहराएंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर अयोध्या में अभूतपूर्व सजावट और सुरक्षा के इंतज़ाम किए गए हैं। सोमवार शाम मंदिर परिसर भव्य रोशनी और फूलों से जगमगा उठा।
प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह 9:35 बजे हवाईअड्डे पर पहुंचेंगे और विशेष पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठानों के बाद शिखर पर धर्मध्वजा फहराकर सनातन धर्म की गरिमा का प्रतीक प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर देशभर से आमंत्रित 100 प्रमुख दानदाताओं को शामिल किया गया है, जिन्होंने मंदिर निर्माण में दो करोड़ से अधिक का योगदान दिया।
संघ प्रमुख मोहन भागवत और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार शाम ही राम नगरी पहुंच चुके हैं। बताया गया है कि प्रधानमंत्री का मंदिर परिसर में आगमन 11 बजे से पहले होगा, इसके बाद वे गर्भगृह में पूजा और ध्वजारोहण अनुष्ठान में भाग लेंगे।
धर्मध्वजा के लिए विशेष रूप से तैयार 161 फीट ऊंचे स्वर्ण जड़ित दंड पर भगवा ध्वज स्थापित किया जाएगा। यह वही दंड है जिस पर राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दिन भी परंपरागत रूप से ध्वज फहराया गया था। मंदिर परिसर में पांच दिनों से चल रहे रिद्धि-सिद्धि अनुष्ठान आज पूर्ण होंगे।
मंदिर के त्रिपथों और रामपथ से लेकर मुख्य परिसर तक लगभग 1000 क्विंटल फूलों से सजावट की गई है। ट्रस्ट की ओर से मंदिर के बाहरी क्षेत्र को भी दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। विजुअल प्रोजेक्शन और विशेष लाइटिंग के माध्यम से संपूर्ण परिसर को आध्यात्मिक और भव्य वातावरण से सुसज्जित किया गया।
दोपहर 12:30 बजे के आसपास प्रधानमंत्री मंदिर के प्रमुख अनुष्ठान पूर्ण करेंगे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ATS, NSG कमांडो सहित SPG, CRPF और PAC की पांच स्तरीय सुरक्षा तैनात है। हवाई निगरानी के लिए हेलिकॉप्टरों की मदद ली जा रही है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा— “राम श्री भारतवर्ष की आत्मा हैं, उनकी चेतना और उनका गौरव की पताका है। इस ध्वज के माध्यम से सनातन परंपरा और आस्था को अभिव्यक्ति मिलेगी।”
आज का यह दिन अयोध्या के साथ-साथ पूरे भारत ही नहीं, विश्वभर के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए आस्था का अनोखा क्षण बनेगा।






