GSVM मेडिकल कॉलेज में ट्रॉमा सेंटर-2 निर्माण को मंजूरी, 481 करोड़ की परियोजना दो साल में होगी पूरी

संवाद 24
कानपुर के गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज (GSVM) में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कॉलेज परिसर में प्रस्तावित ट्रॉमा सेंटर स्तर-2 (एडवांस ट्रॉमा सेंटर – 200 बेड) के निर्माण को शासन से प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है।

कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने बताया कि नया ट्रॉमा सेंटर शुरू होने से गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल और उन्नत उपचार मिल सकेगा। इससे न केवल कानपुर, बल्कि आसपास के जिलों और पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र को भी सीधा लाभ मिलेगा।

परियोजना की कुल लागत 481.42 करोड़ रुपये तय की गई है। इंजीनियरिंग विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को शासन ने मंजूरी प्रदान कर दी है। सेंटर में अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर, मॉड्यूलर इमरजेंसी, क्रिटिकल केयर यूनिट, न्यूरोट्रॉमा और ऑर्थोपेडिक ट्रॉमा यूनिट सहित सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

शासन की वित्त समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि भवन निर्माण, उपकरण खरीद और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास का पूरा खर्च योजना मद से वहन किया जाएगा। भवन निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से होगा और इसे 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्माण कार्य शुरू करने से पहले एस्टीमेट, ड्रॉइंग और डिजाइन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

डॉ. काला ने बताया कि यह ट्रॉमा सेंटर प्रदेश का एक प्रमुख ट्रॉमा केयर हब बनेगा। सेंटर में अत्याधुनिक मशीनें, उन्नत एम्बुलेंस सेवाएं, जीवनरक्षक उपकरण और हाई-एंड मॉनिटरिंग सिस्टम स्थापित किए जाएंगे। निर्माण एजेंसी और कॉलेज प्रशासन मिलकर प्रत्येक चरण की निगरानी करेंगे और वित्तीय एवं तकनीकी प्रगति की रिपोर्ट नियमित रूप से शासन को भेजी जाएगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रॉमा सेंटर शुरू होने से सड़क हादसों और अन्य गंभीर चोटों के मामलों में मरीजों को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर एडवांस उपचार उपलब्ध हो सकेगा, जिससे जीवन रक्षा दर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *