
संवाद 24 डेस्क। देश भर में मानसून आफत बनकर बरस रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक मूसलधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उत्तरी कश्मीर में बादल फटने (Cloudburst) से निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। बिगड़ते मौसम और सुरक्षा के मद्देनजर उत्तराखंड में प्रसिद्ध चारधाम यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
हिमाचल: खाई में कार गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
हिमाचल प्रदेश में जारी भारी वर्षा के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मूसलधार बारिश के कारण पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन महीने के मासूम बच्चे समेत एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार सवार अपने बच्चे का इलाज चंडीगढ़ पीजीआई (PGI) से कराकर घर लौट रहे थे।
इसके अलावा चंबा में भीषण भूस्खलन होने से करीब 20 वाहन मलबे की चपेट में आ गए हैं। चंबा शहर के लगभग 100 घरों में मलबा घुस गया, जिससे लोगों ने रात में भागकर अपनी जान बचाई। वर्तमान में प्रदेश में 108 प्रमुख व संपर्क मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह बंद हैं।
कश्मीर में बादल फटा, उत्तर प्रदेश में 3 की जान गई
उत्तरी कश्मीर के बांडीपोरा जिले में अचानक बादल फटने से अफरा-तफरी मच गई। पानी का तेज बहाव आने से निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। बाढ़ से रिहायशी मकानों, कृषि और इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा है।
उधर, उत्तर प्रदेश में भी बारिश के कारण 3 लोगों की जान चली गई। बुलंदशहर में लापरवाही के चलते चौथी कक्षा की एक मासूम बच्ची खुले नाले में बह गई, जबकि संभल जिले में मकान की दीवार ढहने से ताई और भतीजी की दबकर मौत हो गई।
उत्तराखंड: चारधाम यात्रा 2 दिनों के लिए स्थगित
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश को देखते हुए राज्य प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाया है। शासन ने चारधाम यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। श्रद्धालुओं को विभिन्न पड़ावों पर ही रोक दिया गया है। गढ़वाल मंडल आयुक्त के मुताबिक, मौसम के रुख की समीक्षा के बाद यात्रा दोबारा शुरू करने पर फैसला लिया जाएगा।
आने वाले दिनों के लिए ऑरेंज और रेड अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में बारिश का दौर जारी रहेगा। जम्मू-कश्मीर के 10 जिलों में मौसम को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और बेवजह यात्रा न करने की सलाह दी है।






