हरदोई में 1.28 करोड़ की सनसनीखेज चोरी का खुलासा, 14 आरोपी गिरफ्तार; पूरी नकदी बरामद

हरदोई पुलिस ने करीब 1.28 करोड़ रुपये की चोरी के चर्चित मामले का खुलासा करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी अभिरक्षा में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ₹1,28,99,310 की पूरी नकदी बरामद कर ली गई है। इस कार्रवाई को कोतवाली शहर पुलिस, स्वाट, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

घर के कर्मचारियों पर ही साजिश रचने का आरोप

पुलिस के अनुसार, रेलवेगंज निवासी कारोबारी पंकज अग्रवाल ने 17 जुलाई को कोतवाली शहर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया कि 16-17 जुलाई की रात घर और दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर में रखी भारी नकदी चोरी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई थी।

पूछताछ में खुली साजिश की परते

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपियों को पहले से घर में रखी बड़ी रकम की जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उन्होंने अन्य साथियों के साथ चोरी की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

पुलिस ने बताया बड़ी सफलता

सीओ सिटी अजीत सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कई नामजद व्यक्ति शामिल हैं तथा दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली गई है, जो इस मामले की सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Shivpratap Singh
Shivpratap Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *